शाहजहांपुर। पंचायत चुनाव को लेकर एसपी एस आनंद के निर्देश पर अवैध शराब पकड़ने का अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। पुलिस ने 24 घंटे में अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ 105 मुकदमे दर्ज किए। जबकि 107 लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से भारी मात्रा में अवैध शराब, हजारों लीटर लहन बरामद करने के बाद नष्ट किया।
एसपी ने प्रधान के संभावित प्रत्याशियों को भी ग्रामीणों को शराब बांटते पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस ने अवैध शराब बनाने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को 144 लोगों को गिरफ्तार करने के बाद मंगलवार को फिर से बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध शराब बनाने वाले और बेचने वालों की गिरफ्तारी की। 105 मुकदमे दर्ज किए गए, शराब बनाने वाले 107 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा पुलिस ने मौके से 1232 लीटर अवैध शराब बरामद की। 19 हजार लीटर लहन बरामद कर उसको नष्ट किया। अवैध शराब बनाने वाली 29 भट्ठियों को भी नष्ट किया।
पंचायत चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। 107 लोगों को गिरफ्तार किया है। किसी कीमत पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - एस आनंद, एसपी शाहजहांपुर
बंडा पुलिस ने 1208 ग्राम चरस के सहित चार लोगों को पकड़ा
बंडा। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो जगहों से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों के पास से 1208 ग्राम चरस बरामद की गई है। चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
मंगलवार को एसआई यशपाल सिंह को मुखबिर से सूचना मिली गांव सिंगापुर कुरसंडा निवासी पप्पू इसी गांव के मनमोहन के साथ चरस लेकर बेचने जा रहा है। पुलिस ने गांव खखरा बुजुर्ग के पास दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पप्पू के पास से 220 ग्राम और मनमोहन के पास से 325 ग्राम चरस बरामद हुई।
उधर दरोगा रवेंद्र सिंह के नेतृत्व में गांव लालपुर आजादपुर के पास गांव सिंगापुर निवासी राधेश्याम और उसके साथी गांव बौठा जमालपुर निवासी रामकिशन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। राधेश्याम के पास से 418 ग्राम और रामकेशन के पास से 265 ग्राम चरस बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी चरस को बेचने जा रहे थे। चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया। संवाद