शाहजहांपुर। दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया है। पीड़िता के मुताबिक आरोपी उस पर समझौते का दबाव बना रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है।
12 दिसंबर की रात चौक कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला शादी में गई थी। उसके दो बेटे घर से बाहर मजदूरी करने गए थे। तभी तीन लोग उसके घर में घुस आये और एक ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। जान से मारने की धमकी देकर सभी वहां से चले गए। घटना के बाद पीड़िता थाने के चक्कर लगाती रही लेकिन सुनवाई नहीं हुई। न्याय पाने के लिए पीड़ित को कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर भी बैठना पड़ा था। इसके बाद छह मार्च 2021 को पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ तहरीर के आधार पर दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज की थी। पीड़ित के मुुताबिक अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। सोमवार को पीड़िता की मां ने एसपी को दिये प्रार्थना पत्र में बताया कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। शराब के नशे में घर आते हैं और मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाते हैं। अगर चौबीस घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो मुख्यमंत्री से शिकायत की जाएगी। सीओ सिटी प्रवीण कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज है, जांच की जा रही है।