शाहजहांपुर। पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार को जिले भर में चलाए गए अभियान के दौरान अवैध शराब बनाने के आरोप में 144 लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास हजारों लीटर लहन, अवैध शराब बरामद हुई। इस दौरान दर्जनों भट्ठियां नष्ट की गईं।
पंचायत चुनाव आते ही गांवों में शराब बंटने लगी है। मांग बढ़ने से अवैध शराब का धंधा बढ़ गया है। एसपी एस आनंद के निर्देश पर सोमवार को अवैध शराब बनाने और बेचने वालों की धरपकड़ की गई। इस दौरान पुलिस ने 15 हजार लीटर लहन बरामद करने के बाद नष्ट किया, जबकि 1729 लीटर अवैध शराब बरामद बरामद हुई। पुलिस ने दबिश के दौरान 26 भट्ठियों को नष्ट किया। पुलिस ने अलग-अलग थानों में 142 अभियोग पंजीकृत किए और 144 लोगों को गिरफ्तार किया है।
कहां से कितने आरोपी हुए गिरफ्तार
थाना सदर बाजार से नौ, चौक कोतवाली से पांच, थाना रामचंद्र मिशन से छह, थाना कांट से नौ, थाना निगोही से पांच, थाना मदनापुर से नौ, सेहरामऊ दक्षिणी से पांच, थाना रोजा से छह, पुवायां से सात, थाना सिंधौली से दस, थाना बंडा से चार, थाना खुटार से छह, कोतवाली जलालाबाद से नौ, थाना अल्हागंज से पांच, थाना मिर्जापुर से पांच, थाना कलान से पांच, थाना परौर से पांच, तिलहर से दस, थाना कटरा से सात, थाना खुदागंज से छह, थाना जैतीपुर से आठ और थाना गढ़िया से छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।