तिलहर। तमंचे के साथ व्हाट्सएप स्टेटस पर फोटो अपलोड करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को तमंचा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी युवक को जेल भेज दिया गया।
17 मार्च की रात नगर के मोहल्ला बहादुरगंज निवासी शेखर गुप्ता उर्फ शेखू पुत्र जितेंद्र गुप्ता ने व्हाट्सएप स्टेटस पर हाथ में तमंचा लिए फोटो अपलोड किया। तमंचे के साथ फोटो वायरल होने पर मामला चर्चा में आ गया। कोतवाल प्रवीन सोलंकी ने बताया कि पुलिस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर अवैध शस्त्र के साथ वीडियो स्टेटस और फोटो लगाकर रौब दिखाने संबंधित शिकायत प्राप्त हुई।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एसआई पवन पांडे, कांस्टेबल मनीष कुमार और सोनू कुमार की टीम ने तमंचा लहराने वाले युवक शेखर गुप्ता को बृहस्पतिवार देर रात चीनी मिल ग्राउंड से 315 बोर तमंचा और एक कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।