मिर्जापुर। गाय बांधने को लेकर बुधवार की रात हुए विवाद में दो सगे भाइयों के परिवारों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें दोनों पक्षों के छह लोग तथा एक तमाशबीन बच्चे समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी जरीनपुर ले जाया गया। चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर कालीदेवी मंदिर के निकट सगे भाई नंदकिशोर और प्रेमकिशोर परिवार समेत रहते हैं। एक पक्ष के प्रेमकिशोर के पुत्र अरुण कुमार उर्फ सोनू की स्टेट हाईवे पर कोल्डड्रिंक और गिफ्ट सेंटर की दुकान है। दुकान के समीप प्रेमकिशोर के बड़े भाई नंदकिशोर की दुकानें हैं। नंदकिशोर की गाय उनकी दुकान के सामने पाकड़ के पेड़ से बंधी थी। शाम लगभग साढ़े सात बजे नंदकिशोर की गाय ने प्रेमकिशोर के पुत्र अरुण की दुकान के सामने रखीं कोल्डड्रिंक की बोतलें गिरा दी। इससे दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। विवाद बढ़ा तो दोनों ओर से मारपीट और पथराव शुरू हो गया। इससे सड़क से निकलने वालों में भगदड़ मच गई। पथराव और मारपीट में नंदकिशोर की पुत्रवधू कुसुमलता पत्नी धीरज कुमार, शिवानी पुत्री धीरज कुमार, ऋषिदेवी पत्नी नीरज कुमार व वहां से गुजर रहा एक बच्चा ओम देव घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष के प्रेमकिशोर के पुत्र अरुण कुमार व पुत्री बंटी घायल हो गए।
सूचना पर आए एसआई यतेंद्रपाल सिंह व हेड कांस्टेबल विनय शुक्ला ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। सीएचसी से घायल शिवानी और कुसुमलता तथा अरुण और बंटी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। शेष घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। नन्दकिशोर ने प्रेमकिशोर, अरुण, बंटी व सुधा तथा दूसरे पक्ष के प्रेमकिशोर की पुत्री सुधा ने धीरज, कुसुमलता पत्नी धीरज, शिवानी पुत्री धीरज व ऋषिदेवी पत्नी नीरज के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करवायी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद