शाहजहांपुर। दुष्कर्म में असफल होने पर चार साल की एक बालिका की हत्या और सात साल की दूसरी चचेरी बालिका को गंभीर रूप से घायल करने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
चौक कोतवाली क्षेत्र के अजीजगंज का रहने वाला अनिल उर्फ चमेली (35) कई सालों से कांट थाना क्षेत्र के एक गांव में छत्ता तोड़ने और जंगली जानवरों को पकड़ने के लिए जाया करता था। 22 फरवरी को अनिल गांव पहुंचा तो उसे वहां पर दो चचेरी बहनें सरकारी नल के पास नहाते हुए नजर आईं। अनिल ने दोनों बहनों को गांव से बिस्कुट खरीदकर दिए और शहद खिलाने का लालच देकर साइकिल पर बैठा लिया। गांव से एक किलोमीटर दूर जाकर उसने छोटी बहन को थोड़ी दूर खड़ा कर दिया। बड़ी बहन से अनिल ने दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची के शोर मचाने पर उसे खंती (छत्ता तोड़ने के काम आने वाला डंडा ) सिर पर मारकर बेहोश कर दिया। यह देखकर छोटी बच्ची चिल्लाते हुए भागी तो तो उसने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और उसके सिर और मुंह पर खंती मारकर मार डाला। बाद में अपनी साइकिल से मौके से भाग गया। पुलिस ने अनिल उर्फ चमेली को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर उसे अदालत में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। संवाद