सिंधौली (शाहजहांपुर) क्षेत्र में कान के कुंडल छीने जाने से घायल हुई महिला चांद । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। सरेशाम बाइक सवार दंपती को रोककर तमंचे से धमकाकर बदमाशों ने बाइक, नकदी छीन ली और झुमके नोच लिए। इस दौरान महिला का कान भी फट गया। वारदात सिंधौली थाना क्षेत्र की है। पुलिस रिपोर्ट लिखने के लिए तहरीर का इंतजार कर रही है।
रोजा थाना क्षेत्र के सिसौआ गांव का रहने वाला इमरान बाइक से पत्नी चंदा के साथ उसके मायके सिंधौली के चांदा गांव जा रहा था। शाम करीब साढ़े छह बजे जब उसकी बाइक चांदा गांव से कुछ किलोमीटर पहले उमरिया पुल के पास पहुंची तभी बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। इससे पहले वे कुछ समझ पाते बदमाशों ने तमंचा तान दिया। बदमाशों ने इमरान से सात हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। पत्नी चांद के झुमके, पायल, चार अंगूठी आदि उतरवा लिए। झुमके नोचने से चांद का कान भी फट गया और खून निकलने लगा। इसके बाद बदमाश धमकाते हुए इमरान की बाइक लेकर चले गए। बदहवास दंपती ने गांव में अपने परिजन को सूचना दी। इसके बाद दंपती परिवार वालों के साथ महासिर चौकी पहुंचे और सूचना दी। सूचना मिलने पर चौकी पुलिस मौके पर गई और जानकारी जुटाई लेकिन कुछ खास हासिल नहीं हुआ। वहीं वारदात के बाद से दंपती दहशत में है। महिला के कान की मरहमपट्टी की गई है।
सरेशाम लूट, अधिकारी अंजान
थानाध्यक्षों के सीयूजी फोन रिसीव नहीं होते। खासतौर पर शाम ढलने के बाद अगर कोई पीड़ित फोन करे तो सीयूजी मोबाइल अव्वल मिलते नहीं और अगर मिल भी गए तो उठते नहीं। बुधवार शाम को लूट की वारदात होने के बावजूद सिंधौली थाना प्रभारी निरीक्षक का मोबाइल नहीं उठा। बाद में फोन उठने पर बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सरेशाम लूट की जानकारी पुवायां सीओ सिटी नवनीत नायक को भी नहीं थी। उन्होंने बताया कि अगर कोई घटना है तो मामले को दिखवाया जाएगा। एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी भी लूट की वारदात से कई घंटे तक अंजान रहे।