भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती रेती में क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद में रात को जमकर फायरिंग की गई। करीब 10 राउंड फायर किए गए। सरेराह हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर आ गई। तब तक फायरिंग करने के आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती रेती में दोपहर करीब दो बजे युवक मैच खेल रहे थे। इस बीच मोहल्ले के ही मान सिंह एवं मन्नी पांडेय के बीच विवाद हो गया। उस वक्त तो आसपास के लोगों ने समझा-बुझाकर मामले को शांत करा दिया। आरोप है कि रात करीब आठ बजे मन्नी कई साथियों को लेकर मान सिंह के घर के पास आ गया और गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने ताबड़तोड़ कई राउंड फायर किए। पीड़ित मानसिंह ने दो नामजद आरोपियों समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। आरसी मिशन थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर मिल गई है। मामले की जांच करा कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद