शाहजहांपुर। चौक कोतवाली इलाके में शुक्रवार रात दबंगों ने बरेली मोड़ चौराहे पर हर्ष फायरिंग की। खास बात यह है कि चौराहे से महज 50 मीटर की दूरी पर पुलिस पिकेट मौजूद थी। सूचना पर पहुंचे चीता मोबाइल के सिपाहियों से दबंगों ने जमकर अभद्रता की।
शुक्रवार रात करीब 12 बजे चौक कोतवाली इलाके के बरेली मोड़ चौराहे पर एक चार पहिया गाड़ी आकर रुकी। उसमें से चार-पांच लोग नीचे उतरे, जो शराब के नशे में धुत थे। उन्होंने पहले जमकर हंगामा किया। उनमें एक व्यक्ति ने लाइसेंसी पिस्टल से करीब चार राउंड फायर किए। इससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर चीता मोबाइल तैनात सिपाही बलविंदर सिंह व संतोष वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने फायरिंग कर रहे लोगों से पूछताछ की तो दबंग सिपाहियों से भिड़ गए। इस पर सिपाहियों ने चौकी प्रभारी और आला अधिकारियों को फोन पर सूचना दी। मगर कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इस संबंध में चौकी प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि फायरिंग करने के आरोपियों को चौकी पर बुलाया गया था। उन्होंने घटना के संबंध में खेद प्रकट किया है। उन्हें भविष्य में इस प्रकार की घटना न किए जाने की हिदायत दी गई है।
बरेली मोड़ चौराहे पर फायरिंग का प्रकरण सामने आया था। फायरिंग करने के आरोपी एक जन्मदिन की पार्टी से नशे में धुत होकर चौराहे पर आए थे। उन्हें दोबारा ऐसी घटना न किए जाने की हिदायत पुलिस द्वारा दी गई है। यदि ऐसी घटना दोबारा सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- संजय कुमार, एसपी सिटी शाहजहांपुर