शाहजहांपुर। मामूली सी बात को लेकर रोजा इलाके के चौरा गांव में दो पड़ोसियों के बीच गहरी दुश्मनी बन गई। शुक्रवार देर शाम दोनों पक्षों के बीच हुए झगड़े के दौरान पड़ोसी ने महिला के सिर में ईंट मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बेटे ने पड़ोसी और उसके बेटों समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना शुक्रवार देर शाम साढ़े छह बजे की है। रोजा थाना क्षेत्र के चौरा निवासी कप्तान और रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी संतराम व उनके भाई राधेश्याम के घर आसपास हैं। पुलिस के मुताबिक राधेश्याम ने घर के आगे सड़क पार शौचालय और भूसा डालने के लिए कमरा बना रखा है। घर और कमरे के बीच सड़क के ऊपर राधेश्याम ने पन्नी तान रखी है, जिसके नीचे ट्रैक्टर खड़ा करते हैं। संतराम और राधेश्याम सड़क के ऊपर पन्नी बांधने का विरोध करते थे, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद होता था। हालांकि कप्तान ने लिखाई रिपोर्ट में अपने घर के पास सरकारी जमीन पर खड़े बेरी के पेड़ को काटने का विवाद बताया है।
शुक्रवार शाम दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस के चले जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच फिर मारपीट हुई, जिसमें लाठी-डंडे और ईंटें चलीं। कप्तान का आरोप है कि झगड़े के दौरान उनकी मां सरवत्ता (50) और बेटी प्रयांती को विरोध पक्ष के लोगों ने अपने घर में खींच लिया और मारपीट की। इस बीच सरवत्ता के सिर में ईंट मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गईं। मारपीट में प्रयांती भी घायल हो गई। परिजन सरवत्ता को जिला अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कप्तान ने पड़ोसी राधेश्याम, उसकी पत्नी गुड्डी देवी, बेटा रंजीत कुमार, विजय कुमार, भाई संतराम और उसके बेटा महेशपाल के खिलाफ नामजद हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस मामले को गंभीरता से लेती तो नहीं होता खून खराबा
चौरा गांव के कप्तान सिंह और उसके पड़ोसी संतराम व राधेश्याम के परिवार में दुश्मनी गहराती जा रही थी। मगर पुलिस ने मामले को हल्के में लिया। सोमवार को दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। सूचना मिलने डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन दोनों पक्षों को समझाने के बाद लौट गई थी। शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों के बीच फिर झगड़ा हुआ। पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची, लेकिन केवल दोनों पक्षों के नाम दर्ज करने के बाद लौट गई। शुक्रवार शाम तीसरी बार झगड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर पहुंची रोजा पुलिस दोनों तरफ दो-दो युवकों को पकड़कर थाने ले गई। इस पर दोनों पक्ष शांत होने के बजाय और बौखला गए। चौथी बार शुक्रवार देर शाम मारपीट होने पर महिला की जान चली गई।
दोनों पक्षों के बीच मामूली सी बात को लेकर विवाद था। तहरीर के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चलेगा कि महिला की मौत कैसे हुई।
- राजेंद्र बहादुर सिंह, प्रभारी निरीक्षक रोजा