खुटार (शाहजहांपुर)। एसपी एस आनंद के निर्देश चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटार पुलिस ने डीजल चोर गिरोह के सरगना और उसके साथी को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया। गैंग के सरगना पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एसपी एस. आनंद ने बताया कि 18 सितंबर की रात खुटार एसओ जयशंकर सिंह को मुखबिर ने सूचना दी कि डीजल चोर गिरोह का सरगना शाहजहांपुर के मोहल्ला शहमतगंत गौंटिया निवासी विकास सक्सेना और उसका साथी रोजा के गांव जमौर निवासी मुबारक डीजल चोरी की फिराक में घूम रहे हैं। इसके बाद खड़सार गांव के पास घेराबंदी की गई तो विकास ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया, लेकिन पुलिस ने उसे और मुबारक को दबोच लिया। विकास के पास से तमंचा बरामद कर लिया गया है। विकास का अंतरजनपदीय गिरोह है जो वाहनों से डीजल चोरी का काम करता है। गिरोह के लोग विभिन्न जनपदों में सौ से अधिक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
करीब दो माह पूर्व विकास सक्सेना अपने गिरोह के साथ थाना कटरा क्षेत्र में जेसीबी मशीन से डीजल चुराकर भाग रहे थे। कटरा पुलिस के पीछा के पीछा करने पर वह कार और चोरी का डीजल छोड़कर मौके से भाग निकले थे। खुटार पुलिस इससे पूर्व गिरोह के सदस्य पुवायां के राजवीर को जेल भेज चुकी है।
इस तरह देते थे वारदात को अंजाम
खुटार। वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के लोग रात में हाईवे के किनारे ढाबों को चिन्हित कर लेते थे। इसके बाद वह लोग अपनी कार ट्रक आदि के पास खड़ी कर देते थे। गिरोह का एक सदस्य गाड़ी सही करने का नाटक करने लगता और अन्य लोग पाइप के सहारे ट्रकों से डीजल चोरी कर लेते। इस दौरान ट्रक चालक डीजल चोरी करते देख लेता तो गिरोह के लोग फायरिंग कर देते और भाग निकलते। इस पर गिरोह के लोग सौ से अधिक बार चोरी कर चुके हैं।
सरगना विकास पर विभिन्न थानों में दर्ज हैं 11 रिपोर्ट
डीजल चोर गिरोह के सरगना विकास पर चोरी, आबकारी अधिनियम, हत्या का प्रयास, अपहरण, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट आदि के सदर बाजार में चार, जलालाबाद में तीन, कटरा एक में और खुटार में तीन रिपोर्ट दर्ज हैं। विकास ने पुलिस को बताया कि उनके गैंग ने सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर, बरेली, बदायूं आदि में सौ से अधिक चोरियां की हैं।
खुटार पुलिस ने डीजल चोर गिरोह के सरगना और उसके साथी को पकड़ा है। वांछित चल रहे सरगना विकास पर 25 हजार रुपये का इनाम था। गिरोह का एक सदस्य पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
एस. आनंद, पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर