भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने ग्राम रौसर कोठी में छापा मारकर भारी मात्रा में नकली कीटनाशक दवाएं बरामद की हैं। इनकी कीमत एक करोड़ 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है, जो इन दवाओं पर एक कंपनी का लेबल लगाकर बिक्री करता था। मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी का चालान कर दिया गया है।
एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को क्रिस्टल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मुख्य जांचकर्ता जीतू शर्मा निवासी नगला खेमा थाना माट, मथुरा ने सूचना दी कि उनकी कंपनी का लेबल लगाकर ग्राम रौसर कोठी में नकली दवा का धंधा किया जा रहा है। इस पर थाना रामचंद्र मिशन पुलिस को खुलासे के लिए निर्देश जारी किए गए। पुलिस ने जब गांव रौसर कोठी स्थित दुकान में छापा मारा तो कंपनी का लेबल लगी बड़ी संख्या में नकली दवाएं मिली। इनकी कीमत एक करोड़ 20 लाख, 10 हजार बताई गई। मौके से अभियुक्त जागेश्वर निवासी गांव रौसर कोठी थाना रामचंद्र मिशन को गिरफ्तार किया गया। जबकि मोहित निवासी गांव रौसर कोठी थाना रामचंद्र मिशन फरार हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं। एसपी सिटी ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468, 471 ट्रेड कॉपीराइट एक्ट की धारा एवं ट्रेड एंड मर्चेंट आइसेक्ट 1958 की धारा में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ल भी रहे।