जैतीपुर। कुछ कर्मचारियों ने ब्लॉक कार्यालय को शराब पीने का अड्डा बना दिया है, जहां आए दिन दफ्तर में बैठकर दारू पार्टी की जाती है। सोमवार रात इसको लेकर हंगामा हुआ था। मंगलवार सुबह शराब की खाली बोतलें ग्राम पंचायत अधिकारी की मेज पर रखी मिलीं।
यह घटना सोमवार रात करीब नौ बजे कीा है। काम समाप्त के बाद सभी कर्मचारी अपने घरों को चले गए लेकिन एक बाबू अपने सहयोगी के साथ दफ्तर में रुके रहे। कुछ देर बाद ब्लॉक के चौकीदार को बुलाकर चाबियां ले लीं। आरोप है कि चाबी देने को मना करने पर चौकीदार से अभद्रता की गई। चौकीदार रवि कुमार ने बताया की उसके घर पर कुछ कार्यक्रम था। इससे उन्हें जल्दी घर जाना था लेकिन बाबू उन्हें जाने नहीं दे रहे थे। रात करीब नौ बजे बाबू ने ग्राम पंचायत अधिकारी के ऑफिस की चाबी मांगी। मना करने पर बाबू का पारा चढ़ गया। बाबू ने गालियां देते हुए चाबी छीन ली। इस बीच काफी देर तक हंगामा होता रहा। इससे आसपास के दुकानदार भी जमा हो गए। मामला बाबू का था इसलिए किसी ने कुछ नहीं कहा। इसके बाद जमकर दारू पार्टी चली। नशे में धुत होने पर वे लोग आफिस से खाली बोतलें हटाना ही भूल गए। मंगलवार सुबह लोगों ने खिड़कियों से झांककर देखा गया तो शराब की खाली बोतलें ग्राम पंचायत अधिकारी की मेज पर रखी थीं। यह मामला ब्लाक में पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।
ब्लाक कार्यालय स्थित मेरे ऑफिस की चाबी चौकीदार रवि के पास रहती हैं। जानकारी मिली है कि रात में एक बाबू आफिस में बैठे थे।
- सुरेंद्र कुमार, ग्राम पंचायत अधिकारी, जैतीपुर।
- आरोपी बाबू जब भी ब्लॉक में आते हैं, शराब के नशे में होते हैं। अभी आठ दिन पहले ब्लाक में शराब पीने की शिकायत मिली थी। रात चौकीदार से जबरन चाबी छीनकर आफिस में शराब पीने की शिकायत मिली है। यह रोज आफिस भी नहीं आते। - राजकुमार सिंह, ब्लाक प्रमुख, जैतीपुर