शाहजहांपुर। हाईवे पर रोजा रेलवे ओवरब्रिज के पास एक वाहन ने साइकिल सवार किशोर को टक्कर मार दी। इसमें गंभीर चोटें आने से किशोर की मौके पर मौत हो गई। दूसरा हादसा मीरानपुर कटरा-फर्रुखाबाद हाईवे पर हुआ। जहां पिकअप की चपेट में आकर युवक की जान चली गई।
रोजा थाना क्षेत्र के सिमरई गांव निवासी शंकरलाल की बेटा सेमेंद्र (17) सोमवार सुबह करीब पांच बजे साइकिल पर साग लेकर बेचने रोजा मंडी जा रहा था। रास्ते में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर रोजा रेलवे ओवरब्रिज के पास उसकी साइकिल में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। हादसे का पता लगने पर परिवार वाले भी पहुंच गए। सेमेंद्र पांच-भाई बहनों में दूसरे नंबर का था।
बाइक से ड्यूटी जा रहा था युवक
जलालाबाद / अल्हागंज। फर्रुखाबाद के कमालगंज निवासी नरवीर (30) रामनारायण मोबाइल कंपनी में नौकरी करते थे। वह इन दिनों जलालाबाद के मोहल्ला आजादनगर में किराए पर रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे नरवीर बाइक पर अल्लागंज स्थित कंपनी के टॉवर काम से जा रहे थे। मीरानपुर कटरा-फर्रुखाबाद हाईवे पर ग्राम दहेना के पास नरवीन ने आगे चल रही पिकअप को ओवरटेक करना चाहा। तभी अचानक पिकअप का दरवाजा खुल गया। नरवीर ने ब्रेक लगाए तब तक बाइक पिकअप से टकरा गई। हादसे में नरवीर की मौत हो गई। घटना के बाद चालक पिकअप लेकर लेकर भाग गया। कोतवाल धीरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसा अल्लागंज क्षेत्र में हुआ। वहां की पुलिस को सूचना दे दी गई है। नरवीर तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। घर में पत्नी चंचल के अलावा पांच साल की बेटी लली तथा दो साल का बेटा शिवम है।
सड़क हादसे में शिक्षक घायल
शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के हथौड़ा बुजुर्ग निवासी शिक्षक मनोज कुमार (30) सोमवार सुबह नौ बजे बाइक से स्कूल चक भिटारा जा रहे थे। रास्ते में नेशनल हाईवे पर रोजा के पास जमुका तिराहा पर उनकी बाइक में पीछे से कंटेनर ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल मनोज को जिला अस्पताल भिजवा दिया। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार वाले भी पहुंच गए। संवाद