निगोही। मेड़ को लेकर उठे विवाद में आक्रोशित चाचा ने अपने सगे भतीजे के गोली मार दी,जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए निगोही सीएचसी लाया गया। वहां उसकी गंभीर हालत भांपकर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव नौगांव निवासी उमेश और उसके पिता रामासरे अपने खेत में गन्ने की गुड़ाई कर रहे थे। इसी बीच उमेश का चाचा रामऔतार अपना खेत देखने के लिए दोपहर करीब तीन बजे वहां पहुंच गया। रामऔतार ने मेड़ काटने का आरोप लगाते हुए उमेश से तीखे लहजे में बात की। उमेश बोला मेड़ काटने से इनकार कर गुड़ाई करने की बात कही। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ तो पिता-पुत्र ने मिलकर रामऔतार को पीट दिया। रामऔतार घर चला आया। शाम करीब छह बजे उमेश घर से निकल कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि उसका चाचा रामऔतार सामने आ धमका और बोला बड़ा बदमाश बनता है। उमेश भागता इससे पहले, रामऔतार ने उमेश के ऊपर तमंचा से फायर झोंक दिया। गोली उमेश के पेट में जा धंसी और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। घायल उमेश को निगोही सीएचसी ले जाया गया, लेकिन वहां से डॉ. नितिन चौधरी ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीओ सदर कुलदीप सिंह गुनावत के अनुसार इस मामले में तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।