पुवायां। कोरोना संकट के बीच कस्बे के कुछ नटवर लालों ने नगर पालिका के पार्किंग शुल्क के नाम पर वाहनों से भारी रकम वसूल कर ली। अप्रैल में ठेका समाप्त हुआ तो ठगों ने वसूली शुरू कर दी। अप्रैल से अब तक प्रति ट्रक सौ रुपये वसूली की जा रही है। ट्रक चालकों को फर्जी रसीदें दी जा रही हैं। ईओ इस मामले में पल्ला झाड़ रहे हैं। कहते हैं कि शिकायत होगी तो कार्रवाई कराई जाएगी।
नगरपालिका पुवायां के पार्किंग ठेके की अवधि मार्च 2020 में समाप्त हो गई थी। लॉकडाउन घोषित हो जाने के कारण ठेका नहीं हो सका। इसके बाद बोर्ड की बैठक में पार्किंग ठेका नहीं किए जाने का प्रस्ताव पास कर दिया गया। ठगों ने इसका लाभ उठाते हुए नगर पालिका की फर्जी रसीदें छपवा लीं और वसूली शुरू कर दी। अप्रैल से लेकर अब तक लगातार ट्रकों आदि से वसूली की जा रही है, लेकिन शिकायत के बाद भी ठगों पर कार्रवाई कराने की जरूरत नहीं समझी गई। आठ मई को जानकारी मांगे जाने पर ईओ धर्मवीर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बिना अनुमति वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कराने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद पुलिस को तहरीर नहीं दिए जाने से पालिकाकर्मियों पर भी उंगली उठ रही है। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि इस तरह की कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है।
धमका कर वसूलते हैं रुपये
पुवायां। पार्किंग शुल्क उन वाहन चालकों से लिया जाना चाहिए जो नगर पालिका की पार्किंग में वाहन खड़ा करें, लेकिन पुवायां में वसूली करने वाले बाहर से भूसी, भूसा आदि लेकर निकलने वाले ट्रकों को भी जबरन रोक कर पार्किंग शुल्क की रसीद देकर रुपये वसूल रहे हैं। ट्रक चालकों को नगर से बाहर रोका जाता है, जिससे विवाद होने पर फर्जी वसूली की पोल न खुल सके। रुपये नहीं देने पर ट्रक चालकों से मारपीट भी की जाती है।
रसीदों पर नहीं कोई नंबर
पुवायां। ट्रक चालकों को दी गई रसीदों पर कोई क्रमांक आदि नहीं पड़ा है, जिससे पता चल सके कि रोजाना कितने रुपये वसूले जा रहे हैं। पुवायां से मैलानी, भीरा, पलिया, मोहम्मदी, निगोही, बंडा, खुटार आदि को रोजाना तमाम वाहन जाते हैं। इससे अंदाजा है कि पार्किंग शुल्क के नाम पर भारी रकम वसूल की जा चुकी है।
शनिवार को एजेंसी पर हुआ विवाद
पुवायां। शनिवार को पुवायां की एक एजेंसी पर ट्रक से ट्रैक्टर लाए गए थे। अवैध वसूली करने वाले एजेंसी पर पहुंच गए और ट्रक चालक से सौ रुपये वसूल लिए। इसको लेकर एजेंसी स्वामी और ठगों के बीच विवाद भी हुआ था, लेकिन मामला पुलिस तक नहीं पहुंच सका। ट्रकों को नगर पालिका की फर्जी रसीद देकर वसूली करने वाले डग्गामार वाहनों से रंगदारी भी वसूलते रहे हैं, लेकिन इस समय डग्गामार वाहन बंद होने के कारण यह लोग ट्रकों से अवैध वसूली कर रहे हैं।
नगर पालिका की ओर से किसी प्रकार की कोई वसूली नहीं की जा रही है। बोर्ड की बैठक में पार्किंग ठेका नहीं किए जाने का प्रस्ताव पास हो चुका है। यदि कोई शिकायत करता है तो कार्रवाई कराई जाएगी। पार्किंग शुल्क के नाम पर किसी को कोई राशि न दें और शिकायत करें।
धर्मवीर सिंह, ईओ पुवायां