पुवायां। घरेलू कलह के चलते एक विवाहिता ने घर फंदे से लटककर जान दे दी। मायके वाले दहेज हत्या का आरोप विवाहिता के ससुराल वालों पर लगा रहे हैं।
क्षेत्र के गांव मजीदपुर निवासी परमसुख की पत्नी सुमन (22) का शव मंगलवार सुबह घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। परिजन में मुताबिक सुमन ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह मौके पर जा पहुंचे और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। सीओ नवनीत कुमार नायक ने भी मौका मुआयना किया। सूचना पाकर विवाहिता के मायके वाले भी मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने सुमन की हत्या का आरोप उसके ससुराल वालों पर लगाया। पिता हीरालाल की ओर से दहेज हत्या की तहरीर पुलिस को दी गई है।
परमसुख की दूसरी पत्नी थी सुमन
पुलिस के मुताबिक लगभग 25 साल पहले परमसुख की शादी बंडा थाना क्षेत्र के गांव बौठा जमालपुर निवासी हीरालाल की पुत्री रेखा से हुई थी। रेखा के दो पुत्र हैं। 13 साल पहले किडनी खराब होने के कारण रेखा की मौत हो गई। उसके बच्चों की परवरिश ठीक से हो सके इसलिए हीरालाल ने अपनी दूसरी बेटी सुमन की शादी परमसुख से कर दी। अब सुमन भी परलोक सिधार गई।
परमसुख की सूचना पर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। मायके पक्ष के लोग दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मायके वालों की ओर से दहेज हत्या की तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।
जसवीर सिंह, कोतवाली प्रभारी पुवायां