मिर्जापुर। मझारा बढ़ऊ गांव के आरिफ हत्याकांड का मुख्य आरोपी लड्डन खां सोमवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसकी निशनदेही पर आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष दिलीप यादव ने बताया कि 18 फरवरी की रात ग्राम मझारा बढऊ निवासी आरिफ की उसके निर्माणाधीन प्लाट पर सोते समय चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। उसकी पत्नी मु़ंगीरा बेगम ने अज्ञात हत्यारों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला था कि आरिफ के पड़ोसी महिला से अवैध संबंध थे। इसकी जानकारी होने पर महिला के परिवार के लड्डन खां ने अपने तीन साथियों के संग मिलकर आरिफ की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। सोमवार सुबह हत्यारोपी लड्डन खां के जरीनपुर गांव में सीएचसी के निकट तिराहे पर होने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर लड्डन को गिरफ्तार कर लिया। टीम में एसओ के अलावा एसआई रामायण सिंह, अजय वर्मा आदि शामिल रहे।