निगोही। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर बने गड्ढे में पलट गया। इससे ट्रैक्टर पर सवार ईंट भट्टा मजदूर की मौत हो गई। जबकि अन्य साथी मजदूर बाल-बाल बच गए।
थाना क्षेत्र के गांव भटिउरा पृथ्वीपुर निवासी 18 वर्षीय राहुल अपने बड़े भाई पवन व अन्य मजदूरों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से भीरा पलिया में ईंट उताकर लौट रहे थे। मंगलवार देर शाम निगोही-पुवायां रोड पर गांव गनपतपुर तिराहे के पास ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे पानी भरे खड्ड में जा गिरी। जिसमें मजदूर राहुल ट्रैक्टर के नीचे दब गया। जबकि ट्राली पर बैठा उसका भाई व अन्य मजदूर सुरजीत, गुड्डू, मिथुन छिटक कर दूर जा गिरे। घटना के बाद चालक मौके से भाग गया। साथी मजदूरों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे राहुल को निकालने की कोशिश की। लेकिन सफलता नहीं मिली। चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन से ट्रैक्टर हटाकर राहुल के शव को बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने देर रात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिजनों को रो- रोकर बुरा हाल है।