पुवायां (शाहजहांपुर)। डीएम इंद्र विक्रम सिंह और एसपी डॉ. एस चन्नप्पा समेत जिले के सभी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी किसानों को पराली जलाने से रोकने और इससे होने वाले नुकसान के लिए जागरूक करने में लगे हैं। बावजूद इसके किसान पराली जलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। अभी कई छोटे किसान पराली जलाकर गेहूं बोने में लगे हैं। पुवायां पुलिस ने पराली जलाने के आरोप में रविवार को पांच किसानों को गिरफ्तार किया है।
एनजीटी और सुप्रीम कोर्ट ने पराली जलाए जाने पर रोक लगा रखी है। पराली जलाने से हो रहे प्रदूषण को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। आदेश के बाद भी पराली जलाने की घटनाएं कम नहीं हुई तो कोर्ट ने प्रदेश के प्रमुख सचिव को तलब किया था। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और पराली जलाने पर रोक लगाने के लिए सख्ती बरतनी शुरू कर दी। इसके तहत तमाम किसानों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई और कई को गिरफ्तार कर शांतिभंग की आशंका के तहत चालान भी किया गया। इसके बाद भी पराली जलाने के मामले सामने आ रहे हैं।
पुवायां क्षेत्र में बड़े किसान पराली से मुक्ति पाने के बाद गेहूं और आलू की फसल की बुवाई भी कर चुके हैं, लेकिन छोटे किसान अभी भी पराली जला रहे हैं और गेहूं बोने की तैयारी कर रहे हैं। इसलिए तमाम किसान पराली जला रहे हैं। पुवायां पुलिस ने पराली जलाने के आरोप में गांव नवाबपुर गंगा निवासी संजय, हरदुआ के कैलाश, मजीदापुर के अनिल कुमार, बेहटा संवात के नन्हेंलाल, बड़ागांव के शिवसागर को गिरफ्तार कर शांतिभंग की आशंका के तहत चालान कर दिया है।