पुवायां। बंडा और खुटार इलाके में कच्ची शराब बनाने का धंधा चल रहा है। बुधवार को पुलिस ने वहां छापा मारकर दो लोगों को दबोच लिया, जबकि चार लोग फरार हो गए। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
खुटार थाने के दरोगा सुनील कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मैनिया फार्म निवासी फुम्मन, मक्खन, गांव सुजानपुर निवासी सूरज टोडरपुर क्षेत्र में झुकना नदी के किनारे जंगल में कच्ची शराब बनाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो आरोपियों कच्ची शराब बनाते भी मिले। घेराबंदी की आहट होने पर तीनों आरोपी मौके से भाग निकले। मौके पर डेढ़ सौ लीटर लहन मिला जो नष्ट कर दिया गया। इस दौरान 60 लीटर शराब भी बरामद की गई। मौके से शराब बनाने के उपकरण भी मिले।
उधर बंडा थाने में तैनात दरोगा संतोष कुमार ने बताया कि गांव बरीबरा के जंगल से गांव बरीबरा के मुन्नालाल और कृष्णकुमार को दबोचा गया। इसी गांव का गुरूप्रीत उर्फ गोपी मौके से भाग निकला। मौके से मिला 550 लीटर लहन नष्ट कर दिया गया। मौके से 40 लीटर शराब और शराब के बनाने के उपकरण मिले। मौके से कुछ ही दूर बनी एक दूसरी शराब भट्टी के पास से भी 40 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। मुन्नालाल और कृष्णकुमार को जेल भेज दिया गया है।