शाहजहांपुर। महानगर में सट्टा किंग नाम सें पहचान रखने वाले वेदप्रकाश बेदी के घर एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस ने शुक्रवार देर शाम छापा मारा। इस दौरान वहां बड़े पैमाने पर सट्टा होते पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से भाग रहे दो सट्टेबाजों को धर दबोचा। मौके पर 1.90 लाख रुपये नकद, सात लैपटॉप, 15 मोबाइल, 20 कैलकुलेटर और तीन प्रिंटर बरामद हुए।
सट्टे की दुनियां में बेदी न सिर्फ महानगर और जनपद बल्कि आसपास के जिलों मेें पहले से कुख्यात है। एएसपी त्रिपाठी ने बताया कि इधर कुछ समय से उसकी शिकायतें ज्यादा आने लगीं। सूचना मिली कि चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खलीलगर्वी निवासी बेदी के मकान पर बड़े पैमाने पर सट्टे के दांव खेले जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने सट्टा का भंडाफोड़ करने के लिए छापेमारी की योजना बनाई। सीओ सिटी ने बताया कि पकड़े गए लोगों मेें सदर बाजार निवासी जाबिर अली और चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाबूजई निवासी मनीष कुमार शामिल हैं। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवेश सिंह चौधरी के अनुसार हिरासत मेें लिए गए दोनाें आरोपियों से पूछताछ कर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।