पुवायां (शाहजहांपुर)। पुवायां में बंद डांस पार्टी को शुरू कराने और दरोगा सिपाहियों के डांस करने के मामले में एसपी ने मेला चौकी इंचार्ज दरोगा विपिन चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके साथ ही सिपाहियों पर भी कार्रवाई की संस्तुति की है।
गौरतलब है कि 10 अक्तूबर की रात कई सिपाहियों ने रामलीला मेले में बंद पड़ी डांस पार्टी को शुरू करवा कर डांस किया था। सिपाहियों के डांस करने के कई वीडियो वायरल होने के बाद महकमे में खलबली मच गई थी। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ प्रवीण कुमार और पुवायां के कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह को जांच के निर्देश दिए थे। एक सिपाही का चेहरा वीडियो क्लिप में ठीक से पहचान में नहीं आने के कारण सिपाही बच निकला है, जबकि 17 सिपाही और दरोगा के बयान दर्ज कर इंस्पेक्टर ने सोमवार को रिपोर्ट सीओ को सौंप दी। सीओ ने रिपोर्ट सोमवार को ही एसपी को भेज दी थी। निलंबित सिपाही के जन्म दिन में वर्दी पहनकर डांस करने को गलत पाया गया है और स्थान का चयन (डांस पार्टी स्थल) को भी नियमानुसार गलत पाया गया है।
एसपी ने दरोगा विपिन चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया है। मेला ड्यूटी में लगे पुवायां कोतवाली के चार सिपाहियों को दूरस्थ जनपदों में भेजे जाने की संस्तुति एसपी ने की है, जबकि सीतापुर से मेला ड्यूटी पर आए 13 सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीतापुर के एसपी को लिखा गया है। संवाद