शाहजहांपुर। छात्रा से दुष्कर्म और स्वामी चिन्मयानंद से पांच करोड़ की फिरौती मांगे जाने के मामले की एसआईटी की जांच अंतिम पड़ाव पर है। 23 सितंबर को इस केस की सुनवाई होनी है, इसलिए वकीलों से राय मशविरा के लिए पीड़ित छात्रा अपने पिता और भाई के साथ इलाहाबाद हाईकोर्ट गई है।
एसएस लॉ कॉलेज की एलएलएम की छात्रा और स्वामी चिन्मयानंद व कॉलेज स्टाफ, छात्रा के दोस्तों से कई चरणों में पूछताछ व अन्य जरूरी साक्ष्यों को संकलित करने के बाद सोमवार को छात्रा के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम के यहां कलम बंद बयान दर्ज कराए गए। आरोप है कि इसके बाद एसआईटी की ओर से पीड़ित छात्रा को स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज होने या न होने की कोई जानकारी नहीं दी गई। छात्रा के कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद स्वामी के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट और उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रही है। छात्रा का आरोप है कि स्वामी ने उसके साथ दुष्कर्म किया है और स्वामी के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज होने के साथ ही उनकी गिरफ्तारी भी हो लेकिन मंगलवार रात तक स्वामी के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई आगे बढ़ने की जानकारी छात्रा और उसके परिजनों को नहीं मिली, तब फिर छात्रा अपने पिता और भाई के साथ पुलिस सुरक्षा में बुधवार सुबह इलाहाबाद हाईकोर्ट के लिए निकल गई, जहां केस में 23 सितंबर को सुनवाई होनी है लेकिन इससे पहले छात्रा और उसके पिता व भाई वकीलों से राय मशविरा करने पहुंच गए हैं, ताकि स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ कार्रवाई का रास्ता आसान किया जा सके।