तिलहर। महिला शिक्षिक के मकान के ताले तोड़कर चोर नकदी सहित लाखों के जेवरात चुरा ले गए। कोतवाल सुनील अहलावत ने डॉग स्क्वॉड टीम के साथ मौके पर जांच पड़ताल की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। महिला शिक्षिक की ओर से पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के चेयरमैन कॉलोनी निवासी शिखा सिंह चौहान प्राथमिक विद्यालय अमरपुर गौटिया में शिक्षक हैं। सोमवार को वह घर पर ताला लगाकर स्कूल पढ़ाने गई थी। स्कूल की छुट्टी के बाद वह घर न जाकर सीधे अपने मायके पचासा मोहल्ला में चली गईं। शाम करीब सात बजे जब वह मायके से वापस घर पहुंची तो देखा मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पड़ा है। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। जिस पर उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आस पड़ोस के लोग आ गए। शिखा सिंह चौहान ने बताया कि चोर उनके घर से आठ हजार रुपये नगद के अलावा सोने की आठ अंगूठी, एक मंगल सूत्र, दो चेन, दो झुमकी, चार जोड़ी कुंडल, एक पेंडल, दो जोड़ी पायल सहित करीब चार लाख का माल चुरा ले गए। सूचना पर कोतवाल सुनील अहलावत डॉग स्क्वॉड टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने कई घंटे तक जांच पड़ताल की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। डॉग स्क्वॉड मकान के पीछे पड़े खाली प्लाटों तक घूमकर मकान पर वापस आ गया। पुलिस ने मंगलवार को तहरीर के आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।