निगोही (शाहजहांपुर)। थाना क्षेत्र के एक गांव से रविवार रात घर के दरवाजे के सामने से कुछ लोग किशोरी का अपहरण कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को किशोरी की तलाश करने के लिए गन्ने के खेत में जाने से रोक दिया। इससे गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ सोमवार की सुबह पतराजपुर तिराहे के पास जाम लगा दिया। इससे शाहजहांपुर-पीलीभीत व निगोही-विलसंडा मार्ग पर वाहनों की पांच किमी तक कतारें लग गई। टीमें गठित कर 24 घंटे में अपहृत किशोरी की तलाश किए जाने के एसपी के आश्वासन पर जाम खोला गया।
क्षेत्र के गांव की एक 17 वर्षीय किशोरी ने एक सितंबर को रात करीब 8:30 बजे दरवाजे पर बंधी भैंस को घर के अंदर बांध दिया। पड़िया खोलने के लिए घर से बाहर निकली और जैसे ही पड़िया खोलने के लिए झुकी थी, तभी पहले से ही घात लगा कर बैठे बदमाशों ने रेखा को दबोच लिया और वाहन में डालकर फरार हो गए। किशोरी की चप्पलें, चुनरी, खूंटे के कुछ ही दूरी पर गिर गईं। किशोरी की चीखपुकार सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए और रेखा को खेतों में तलाशने लगे। ग्रामीणों को फोन पर पता चला कि बनास देवी मार्ग पर एक गन्ने के खेत में किशोरी है। ग्रामीणों ने गन्ने के खेत को चारो ओर से घेर लिया। इसी बीच सूचना पर यूपी 100 पुलिस व प्रभारी निरीक्षक सोमप्रकाश फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में घुसने की कोशिश की तो पर पुलिस ने उन्हें खेत में घुसने नहीं दिया और पुलिस गाड़ी की माइक से कहते रहे कि अफवाहों से सतर्क रहें। रात करीब 11:30 बजे किशोरी के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस की नकारात्मक सोच से खफा किशोरी के गांव की तमाम महिलाएं और पुरुष सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे पतराजपुर तिराहे पर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए चक्काजाम जाम कर दिया। सूचना पर करीब 10:30 बजे एसपी डॉ. एस चन्नप्पा, सीडीओ महेंद्र सिंह तंवर और एडीएम प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से वार्ता की। एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने आश्वासन दिया कि अपहृत किशोरी की तलाश के लिए चार टीमें गठित की गईं हैं और कोशिश है कि उसे 24 घंटे के अंदर खोज निकाला जाएगा। इस पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। सुबह 7:15 बजे से 11:15 बजे तक चले जाम से शाहजहांपुर-पीलीभीत व निगोही-बिलसंडा मार्ग के दोनों ओर पांच किमी तक भारी वाहनों की कतारें लग गईं।
एसपी डॉ. एस चन्नप्पा का कहना है कि अपहृत किशोरी की तलाश में क्राइम ब्रंाच और थाना पुलिस के साथ ही चार टीमें गठित की गईं हैं, कोशिश है कि उसे जल्द से जल्द खोज निकाला जाएगा।