पुवायां/खुदागंज। पुवायां से बुक कराई गई वैन को खुदागंज थाना क्षेत्र में दो बदमाश लेकर भाग निकले। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुवायां के गांव अनावा निवासी बिजनेश कुमार ने बताया कि वह पुवायां के ही अनुज की मारुति वैन पर चालक है। दो सितंबर को वह वैन लेकर पुवायां में बंडा रेाड पर बस स्टैंड के पास खड़ा था। सुबह साढ़े दस बजे दो लोग मौके पर पहुंचे और और खुदागंज तक जाने के लिए वैन को 650 रुपये में बुक किया। वह दोनों को वैन में बैठाकर खुदागंज थाना क्षेत्र में गांव भर्री बसंतपुर के पास पहुंचा तो वैन में बैठे लोगों में एक ने लघुशंका की बात कहते हुए वैन को रूकवा लिया। बिजनेश भी लघुशंका को चला गया तो वैन में बैठे लोग वैन को लेकर भाग निकले। बिजनेश ने मामले की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस ने मौके पर आकर जांच करने के बाद वैन लेकर भागे बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने बिजनेश की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुवायां। गांव उमरसंडा निवासी भगवानदास ने पुलिस को बताया कि उसका पंपिग सेट खेत से 29 अगस्त को चोरी हो गया था। उसने काफी जानकारी की तो पता लगा कि गांव के बटेश्वर और राजकपूर के साथ पुवायां के सोबरन उर्फ लल्ला ने चोरी किया है। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।