पुवायां (शाहजहांपुर)। प्रेम संबंधों को लेकर एतराज जताने पर युवक ने अपने एक साथी से मिलकर प्रेमिका के पति को फंसाने के लिए एक लाख रुपये की लूट की कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए ठेकेदार और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि गांव अगौना बुजुर्ग निवासी श्रमिक ठेकेदार रामेंद्र कुमार उर्फ पिंटू ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह 29 अगस्त को दिल्ली से श्रमिकों को देने के लिए एक लाख रुपये लेकर घर के लिए चला था। 30 अगस्त की सुबह पुवायां में बाइक सवार दो बदमाशों ने उससे नकदी और मोबाइल लूट लिया था। तहरीर 31 अगस्त को दी गई थी। पुलिस ने गांव जाकर छानबीन को तो पता चला कि रामेंद्र गांव में कई दिन से मौजूद है।
इस पर पुलिस रामेंद्र को कोतवाली ले आई। पूछताछ में रामेंद्र ने बताया कि गांव की एक महिला से उसके प्रेम संबंध है। गांव के एक अन्य युवक के भी महिला से संबंध हैं। वह दोनों साथ साथ ही प्रेमिका से मिलने चले जाते हैं। प्रेमिका से उसकी फोन पर भी बात होती थी। जानकारी होने पर महिला के पति ने पत्नी का मोबाइल छीनकर तोड़ दिया था, उसने महिला को दूसरा मोबाइल खरीद कर दे दिया। इसी बात को लेकर विवाद होने पर उसने महिला के दूसरे प्रेमी के साथ मिलकर लूट की झूठी घटना रचकर पुलिस को तहरीर दे दी थी। योजना थी कि लूट के मामले में पूछताछ पर वह महिला के पति का नाम लेकर जेल भिजवा देगा और बाद में महिला को लेकर दिल्ली चला जाएगा। पुलिस ने रामेंद्र और महिला के दूसरे प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ प्रवीण कुमार ने रविवार को मीडिया को पूरे मामले की जानकारी देते हुए मामले की खुलासा किया।