पुवायां (शाहजहांपुर)। एसडीएम के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक ने बंडा के गांव देवकली में एक घर में छापा मारकर कर इंडेन कंपनी के रसोई गैस के 270 सिलिंडर बरामद किए हैं। सभी सिलिंडर खाली हैं।
एसडीएम सौरभ भट्ट को शनिवार को सूचना मिली कि गांव देवकली के विजय बहादुर सिंह के घर में रसोई गैस के सिलेंडरों का भरी स्टाक है। एसडीएम ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए पूर्ति निरीक्षक आलोक कुमार को मामले मेें त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पूर्ति निरीक्षक ने बंडा थाने के एसआई महेंद्र सिंह के साथ विजय बहादुर सिंह के घर छापा मारा तो वहां से इंडेन कंपनी के 270 खाली गैस सिलिंडर बरामद हो गए। मकान मालिक मौके पर मौजूद नहीं मिले।
विजय बहादुर सिंह के परिवार के राजबहादुर सिंह ने पूर्ति निरीक्षक को बताया कि उनके यहां रखे गैस सिलिंडर देवकली की सुमन रविंद्र गैस एजेंसी के हैं। एजेंसी स्वामी के अनुरोध पर सिलिंडर को आवास के परिसर में रखवा दिया गया था। एजेंसी स्वामी अनीता देवी ने बताया कि सिलिंडर उनकी ही एजेंसी के हैं। गैस सिलिंडरों का संदिग्ध भंडारण पाए जाने के कारण सभी सिलिंडर जब्त कर बंडा की रविंद्र गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिए गए हैं।
उपजिलाधिकारी के निर्देश पर देवकली के एक घर में छापा मारकर 270 सिलिंडर बरामद किए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों को मामले की रिपोर्ट भेज दी गई है, निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आलोक कुमार पूर्ति निरीक्षक पुवायां