भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। एक दिन पहले पिटाई से घायल हुए युवक की शनिवार शाम चार बजे घर में मौत हो गई। मृतक के घर वालों ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग को लेकर शव थाने में रख दिया और नारेबाजी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामला तूल पकड़ता देख पुलिस सकते में आ गई। थाना प्रभारी ने मृतक के पिता नरेश की ओर से तहरीर लेकर मामले की रिपोर्ट दर्ज की। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव पोस्टमार्टम को भेजा गया।
थाना रामचंद्र मिशन के गांव रौसर कोठी निवासी नरेश के 18 वर्षीय पुत्र शुभम का गांव के ही चाइना उर्फ रंजीत से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। परिजनों के मुताबिक 17 अगस्त को शुभम हरदोई बाईपास चौराहे से 500 मीटर दूर रिफायत के भट्ठे से गुजर रहा था, तभी चाइना ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे घेर लिया और नाजुक अंग व पेट पर लात-घूंसों से जमकर प्रहार किया। मारपीट से उसकी हालत बिगड़ गई। घर पर ही शुभम का इलाज कराया जा रहा था। नरेश के मुताबिक उसने उसी दिन मामले की तहरीर पुलिस को दी, लेकिन एक स्थानीय नेता की पैरवी के चलते पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की। रविवार को शुभम की मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए शव को थाने पर लाकर रख दिया और जमकर प्रदर्शन किया। प्रभारी एसओ दिलीप सिंह चौहान ने जैसे-तैसे समझाकर मामले को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चाइना उर्फ रंजीत के समेत तीन-चार अज्ञात के खिलाफ गैर इरातन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
थाना आरसी मिशन के प्रभारी एसओ दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि शुभम और रंजीत के बीच मारपीट हुई थी। तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।