खुटार। नगर निवासी एक युवक ने अपने बहनोई पर चार साथियों सहित घर में घुसकर मारपीट करने के बाद पत्नी से दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर के एक मोहल्ले में रहने वाले युवक ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि शाहजहांपुर के थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र निवासी बहनोई उसकी जगह पर कब्जा करना चाहते हैं। इसको लेकर कई बार वह विवाद कर चुके हैं और कई बार समझौता भी हो चुका है। इसी रंजिश को लेकर 28 जुलाई की शाम पांच बजे बहनोई चार अन्य अज्ञात साथियों के साथ उसके घर में घुस आया और गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर उक्त लोगों ने उसे और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उसकी पत्नी को पकड़कर घर के कमरे में ले जाकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर मोहल्ले के तमाम लोग मौके पर आए तो आरोपी धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित ने सोमवार को ही पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की थी, तो पुलिस ने जांच करने की बात कहते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। मंगलवार को पुलिस ने तहरीर के आधार पर बहनोई और उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।