भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। आबकारी विभाग की टीम ने छापामारी कर देशी शराब की सरकारी दुकान पर अवैध शराब के धंधे का पर्दाफाश किया है। मामले में शराब दुकान के अनुज्ञापी समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दुकान का अनुज्ञापी फिलहाल पुलिस पकड़ से बाहर है।
आबकारी निरीक्षक सीपी सिंह ने सरकारी दुकान पर अवैध शराब की बिक्री की मिल रहीं सूचनाओं के आधार पर बृहस्पतिवार को आरसी मिशन थाना में हरदोई रोड पर स्थित देशी शराब की दुकान पर छापामारी की। यहां टीम को सात लीटर अवैध शराब, 40 खाली पौव्वे, अवैध शराब से भरे 45 पौव्वे, 276 ढक्कन बरामद किए। आबकारी निरीक्षक सीपी सिंह की ओर से अनुज्ञापी यश वर्मा, सेल्समैन राकेश सिंह समेत एमनजई जलालनगर सदर बाजार के जितेंद्र सिंह और कांट थाने के गांव जैतापुर के तिजेंद्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अनुज्ञापी यश वर्मा हरदोई के कस्बा व थाना मल्लावा का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। बाकी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसओ जय शंकर सिंह ने बताया कि अनुज्ञापी की गिरफ्तारी को दबिशें दी जा रही हैं।