शाहजहांपुर। एक जालसाज ने फौजी से गाड़ी का सौदा तय किया और उससे 1.65 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद न तो कार मिली और न ही रुपये वापस मिले। पीड़ित फौजी की तहरीर पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मराठा रेजीमेंट में तैनात दत्तात्रेय निवृत्ती ने सदर पुलिस को बताया कि उसने ओएलएक्स में एक गाड़ी बुक की थी। इसके लिए उसने 1.65 लाख रुपये निमेंद्रा गोंटीया के खाते में ट्रांसफर कर दिया। इस संबंध में विकास पटेल नाम के व्यक्ति ने उसे जानकारी दी थी और उसने कहा था कि मैं आर्मी में हूं, तुम रुपया दे दो, मैं गाड़ी शाहजहांपुर के पते पर मंगवा लूंगा, लेकिन रुपये खाते में ट्रांसफर होने के बाद न तो गाड़ी आई और न ही वह उसके मोबाइल की कॉल रिसीब कर रहा है। पीड़ित फौजी ने मामले की तहरीर सदर पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो