खुटार। मानसिक मंदित युवती को बच्चा चोर समझ कर गांव के लोगों ने पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची थाने से पुलिस ने उससे पूछताछ की और खुटार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
खुटार के गांव राठ की रहने वाली एक मानसिक मंदित युवती बृहस्पतिवार सुबह तीन बजे घर से उठकर पड़ोस के गांव कुंभिया माफी जा पहुंची। गांव के लोग सुबह शौच करने खेतों की ओर जा रहे थे, उसी समय युवती को संदिग्ध हालात में घूमता देख पूछताछ की लेकिन युवती सही जवाब नहीं दे सकी। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस बीच किसी ने युवती के बच्चा चोर होने की अफवाह उड़ा दी। इस पर भीड़ ने युवती की जमकर पिटाई कर दी।
मारपीट में युवती गंभीर घायल हो गई। इस बीच किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो भीड़ में शामिल लोग खिसक लिए। पुलिस ने युवती को खुटार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उधर युवती के घर से गायब होने पर परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे रहे। दोपहर में जानकारी पाकर परिवार के लोग थाने पहुंचे और पुलिस को बताया कि युवती मानसिक मंदित है और उसका इलाज चल रहा है। एसओ तेजपाल सिंह ने बताया कि गांव वालों की सूचना पर पुलिस को भेजा था। युवती से पूछताछ के दौरान वह सही कुछ बता नहीं सकी। बाद में परिवार के लोगों ने आकर बताया कि युवती इससे पहले भी घर से जा चुकी है। खुटार के सरकारी अस्पताल के डॉक्टर संजीव कुमार ने बताया है कि युवती का हाथ टूटा लग रहा था। इस कारण उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।