पुवायां। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर प्रताड़ित कर घर से निकाल देने और पति के दूसरी शादी कर लेने पर पीड़िता ने 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव बड़ागांव निवासी जाबिर अली की पुत्री सोनी ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह 28 अक्तूबर 13 को जनपद लखीमपुर के कोतवाली मोहम्मदी में मोहल्ला लखपेड़ा के मजीदउल्ला के साथ हुआ था। निकाह में पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार खर्च भी किया था। निकाह के बाद वह ससुराल पहुंची तो पति मजीदउल्ला, पति की मां जायदा बेगम, पिता शफीउल्ला, भाई वहीद उल्ला और पति के नाना शाहजहांपुर के चौक आला खां निवासी शाकिर अली, मामा हारून, रौनक दिए गए सामान से खुश नहीं हुए और पहली विदा में ही मकान बनवाने के लिए दो लाख रुपये गाड़ी खरीदने के लिए साढ़े चार लाख रुपये की मांग करने लगे।
उसने मायके आकर पिता को जानकारी दी तो उन्होंने उसके पति आदि को काफी समझाया तब वह लोग उसकी विदा करा कर ले गए। इसके बाद आरोपी उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने लगे। 22 अगस्त 14 को उसने पुत्र को जन्म दिया और इसके बाद गंभीर बीमार हो गई तो ससुराल के लोगों ने उसका इलाज भी नहीं कराया। जानकारी पाकर पिता उसे घर लाए और इलाज कराया। ठीक होकर वह ससुराल पहुंची तो प्रताड़ना के कारण फिर बीमार पड़ गई। बाद में आरोपी एक राय होकर उसे घर से निकालने की बात कहने लगे और 15 जुलाई 16 को पति उसे मायके छोड़ गया। तब से वह मायके में रह रही है। इस बीच पति ने 15 अगस्त 19 को लखीमपुर के थाना धौरहरा के गांव सोहरिया की साइना बानो से दूसरा निकाह कर लिया है। पुलिस ने सोनी की तहरीर पर मजीदउल्ला, साइना बानो, साइना की माता ताहिरा बानो, शफीउल्ला, जायदा बेगम, वहीदउल्ला, मुगीश, मोहम्मद उवैस, शाकिर अली, हारून, रौनक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।