तिलहर (शाहजहांपुर)। दिवाली की रात संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत हो गई। उसका शव फंदे से लटका मिला है। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
नगर के मोहल्ला उमरपुर निवासी करोड़ी प्रसाद ने पुलिस को बताया कि बुआ प्रेमवती का बेटा राजेंद्र पड़ोस में रहता है। 27 अक्तूबर को दिवाली पर पूजा-पाठ व खाना खाकर राजेंद्र अपनी पत्नी आका व बच्चों के साथ एक कमरे में सो गया। रात में किसी समय आका ने मकान के पीछे वाले कमरे की दीवार में लगे कुंडे से रस्सी के सहारे फंदे से लटक कर जान दे दी। सोमवार सुबह बुआ ने कमरा खोलकर राजेंद्र को जगाया, तब देखा कि बाहर दूसरे कमरे में आका रस्सी के सहारे कुंडे में फंदे से लटकी है। प्रेमवती ने बताया कि उसका पुत्र राजेंद्र ई-रिक्शा चलाता है। वह चार दिन पहले पत्नी आका को गोरखपुर के गांव पुरायूं के रहने वाले एक युवक के माध्यम से लाया था। आका के पहले से तीन बच्चे हैं। जिसमें से वह दो बच्चों आठ वर्षीय मधु व पांच वर्षीय आकाश को अपने साथ यहां लाई थी। उसने बताया कि राजेंद्र की पहली पत्नी सुनीता की तीन साल पहले एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। सुनीता से तीन बच्चेे राजीव, अनुज व अर्जुन पहले से हैं। अब आका की मौत के बाद पांच बच्चों का बोझ राजेंद्र के कंधों पर आ गया है। प्रेमवती ने बताया कि राजेंद्र व आका में झगड़ा नहीं हुआ था, लेकिन जब से वह घर में थी, मोबाइल पर बराबर किसी न किसी से बातचीत करती रहती थी। पूछने पर उसने बताया था कि वह अपनी बहन व घरवालों से बातचीत कर रही है। वही कोतवाल सुनील अहलावत ने बताया कि महिला ने आत्महत्या की है। उसने आत्महत्या क्यों की यह पता नहीं चल सका है। उसके माता-पिता को सूचना दे दी गई है। उनके आने पर ही कुछ खुलासा हो सकेगा।