तिलहर। घोड़े के लिए घास लेने निकले युवक ने फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। उसका शव सोमवार शाम कर्बला में एक पेड़ पर रस्सी से फंदे पर लटका मिला। पिता ने शराब के नशे में पुत्र द्वारा फंदे पर लटक कर आत्महत्या किए जाने की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
नगर के मोहल्ला इमली निवासी अनीस का बड़ा पुत्र सईद अली उर्फ शाहिद तांगा चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। सईद की मां नन्ही ने बताया कि सोमवार दोपहर लगभग दो बजे सभी लोगों ने एक साथ बैठकर खाना खाया और फिर सईद घोड़े के लिए घास लेने चला गया। शाम 3:30 बजे राजनपुर मार्ग के पास स्थित कर्बला में उसके पुत्र का शव पेड़ पर लटके होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
सईद की मां नन्ही, पत्नी शाहिना व पिता अनीस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। सईद की मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सईद अपने पीछे पत्नी चार बच्चों का परिवार छोड़ गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इधर मृतक के पिता अनीश खान ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि उसका पुत्र शराब पीने का आदी था। उसने कर्बला में एक पेड़ पर फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली है। संवाद