सेहरामऊ दक्षिणी (शाहजहांपुर)। थाना सेहरामऊ दक्षिणी थानाध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि कई व्यक्ति ग्राम गोरीकला के पास गन्ने के खेत में अवैध तमंचा बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने वहां छापा मार कर आरोपी अवैध तमंचा बनाने वालों की घेराबंदी करते हुए उसमें से एक को दबोच लिया। जबकि उसके पांच साथी भागने में कामयाब हो गए। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अरमोद उर्फ रामू निवासी गोरीकला बताया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से तमंचे व कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक अरमोद के पांच साथी भागने में कामयाब हो गए, जिनको पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। भागे हुए आरोपी मगनपाल, बब्लू, शैलेंद्र, नन्हे, वीरेश शामिल हैं, जिनको पकड़ने के लिए पुलिस ने दो टीमें गठित की हैं। टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा, एसएसआई सर्वेश शर्मा, कांस्टेबल विनीत कुमार, यत्येंद्र कुमार, राजन सिंह, कपिल कुमार आदि शामिल रहे।