शाहजहांपुर। पुलिस को चुनौती देते हुए दबंगों ने सदर बाजार इलाके में इमली चौराहे के पास सरेराह 11वीं के छात्र अरुण की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। उसके छोटे भाई अर्जुन को तमंचे की बट से पीटकर घायल कर दिया और फरार हो गए। दोनों भाई अपने रिश्ते के चाचा के साथ ओसीएफ ग्राउंड पर लगा रामलीला मेला देखने के बाद पैदल घर के लिए लौट रहे थे। दोनों पक्षों के बीच विवाद युवक द्वारा मेला से खरीदे पपीरी (भोंपा) बजाने को लेकर हुआ था। इस घटना की जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. एस चन्नप्पा, एएसपी दिनेश त्रिपाठी, थानाध्यक्ष किरनपाल सिंह मौके पर जा पहुंचे। अर्जुन की ओर से सदर कोतवाली में सात अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
शहर के थाना सदर बाजार कोतवाली के मोहल्ला बाडूजई द्वितीय निवासी 19 वर्षीय अरुण कुमार पुत्र गुड्डू और उसका छोटा भाई 17 साल का अर्जुन कुमार नेव टेक्निक इंस्टीट्यूट में 11वीं कक्षा में पढ़ते हैं। बुधवार शाम अरुण और अर्जुन अपने रिश्ते के चाचा कोमिद व मोहित के साथ ओसीएफ मैदान रामलीला मेला देखने गए थे। रात में करीब 12 बजे वहां से चारों लोग पैदल अपने घर लौट रहे थे। वे सदर कोतवाली क्षेत्र में जीएफ कॉलेज चौराहा के पास पहुंचे होंगे। तभी उधर से गुजर रहे तीन-चार अनजान युवक तेज आवाज में पपीरी (भोंपा) बजाते हुए नजदीक से निकले। अरुण ने तेज आवाज में पपीरी बजाने को मना किया तो अनजान युवक गालियां देने लगे, जिससे हाथापाई हो गई। उस वक्त वहां मौजूद अन्य लोगों ने दोनों पक्षों को अलग कर दिया। इसके बाद अनजान युवक चले गए। अरुण, अर्जुन और उसके दोनों चाचा कचहरी ओवरब्रिज होकर इमली चौराहे के पास पहुंचे होंगे। तभी उन्हें अनजान युवकों ने अपने कुछ साथियों की मदद से दोबारा घेर लिया और बेल्टों से पीटना शुरू कर दिया। इसी बची अरुण के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर गया। अर्जुन के दाहिने हाथ में चाकू लगा। हमलावरों ने तमंचे की बट से अर्जुन के सिर पर हमला किया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। चारों जान बचाने के लिए मौके से भागे, लेकिन घायल होने की वजह से कुछ दूर दौड़ने के बाद दोनों भाई गिर गए। मोहित और कोमिद ई-रिक्शा में दोनों को जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने अरुण को मृत घोषित कर दिया।
उधर, घटना की जानकारी पुलिस अफसरों को मिली तो खलबली मच गई। कुछ ही देर में एसपी समेत कई अफसर और सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मौके पर जा पहुंचे। मगर तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस टीमें देर रात तक इधर उधर दौड़ती रहीं। हालांकि बृहस्पतिवार देर शाम तक हमलावरों का कुछ पता नहीं लग सका।
मामूली विवाद में कुछ लोगों ने एक युवक की हत्या कर दी और उसके भाई को घायल कर दिया है। मामले में मृतक के भाई की ओर से सदर कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या आदि धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। हत्यारों की सुरागरसी के लिए चार टीमें लगाई गईं हैं। जल्द ही हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
- डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी