शाहजहांपुर। छावनी परिषद की ओर से जीएफ कॉलेज मैदान पर मैत्रीपूर्ण क्रिकेट टूर्नामेंट शुक्रवार को प्रारंभ हो गया। तीन दिवसीय टूर्नामेंट के पहले दिन का मैच जिला प्रशासन और सेना की टीम के बीच खेला गया। जिला प्रशासन टीम को तीन विकेट से हराकर सेना की टीम ने जीत दर्ज की।
मैच का प्रारंभ छावनी परिषद के नामित सदस्य अवधेश दीक्षित ने टॉस उछालकर किया। सेना की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। एडीएम प्रशासन संजय पांडेय के नेतृत्व में बल्लेबाजी करने उतरी जिला प्रशासन की टीम ने 20 ओवर में 152 रन बनाए।
इसमें मानिक ने सर्वाधिक 46, सैफ ने 30, अजीत ने 31 रन बनाए। कर्नल श्रीकांत कोठारी की कप्तानी में सेना की टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए विजय ने तीन विकेट झटके। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी सेना की टीम ने सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
कशिश ने 45, कर्नल अमित ने 20, अनिल ने 22 रन बनाए। जिला प्रशासन की ओर से गेंदबाजी करते हुए मानिक ने तीन, अजीत ने दो विकेट प्राप्त किए। मैच के अंपायर पंकज तिवारी, मोहम्मद नईम व स्कोरर साहिल रहे।
टूर्नामेंट में कुल चार टीमें भाग ले रही हैं। इसमें जिला प्रशासन व सेना की टीम के अलावा जीएफ कॉलेज स्टाफ टीम व छावनी परिषद की टीमें शामिल हैं। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 17 नवंबर को होगा। टूर्नामेंट के संयोजक मयूर खन्ना, विनीत मिश्रा, गजेंद्र गंगवार, श्रवण कुमार दीक्षित. डॉ. विकास खुराना, राजेश्वर दयाल पाठक, राजेश बाबू, अनमोल अग्निहोत्री, संजय मिश्रा, आनंद गुप्ता आदि मौजूद रहे।