शाहजहांपुर के गोविंद गंज ओवर ब्रिज की रेलिंग तोड़ नीचे गिरकर पलटी क्रेन । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। शहर के कचहरी पुल पर रोडवेज बस को बचाने के चक्कर में क्रेन पुल के नीचे गिर गई। हादसे में किसी को चोट नहीं आई है। दोपहर में तीन क्रेनों की मदद से क्रेन को सीधा करने के बाद बाहर निकाला गया। इस दौरान रूट डायवर्ट कर दिया गया, जिसके चलते जाम के कारण लोगों का काफी देर तक जूझना पड़ा। रोडवेज बसों से लेकर लग्जरी कारें तक फंसी रहीं।
रात करीब तीन बजे कचहरी ओवरब्रिज से पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस की तरफ उतरते समय अचानक क्रेन के सामने रोडवेज की बस आ गई। बस को बचाने के फेर में क्रेन के चालक ने स्टेयरिंग को मोड़ा तो वह पुल के नीचे जा गिरी। हादसे में चालक को चोट नहीं आई। उसने बताया कि वह क्रेन लेकर अजबापुर चीनी मिल चिमनी लगाने जा रहा था।
दोपहर में क्रेन को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। इस बीच ट्रैफिक पुलिस को लगाकर यातायात डायवर्ट किया। दो बजे तीन क्रेनों की मदद से पुल के नीचे गिरी क्रेन को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। इस बीच रोडवेज की बसों को खिरनीबाग चौराहे, सदर बाजार, टाउनहाल से गुजारा गया, जिसके चलते सदर बाजार में लंबा जाम लग गया।