फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: छह करोड़ की सीएम ग्रिड सड़क में निर्माण पूरा होने से पहले दरारें

विज्ञापन
सीएम ग्रिड रोड पर हो रहे पैचिंग कार्य का निरीक्षण करतीं महापौर अर्चना वर्मा। स्रोत: नगर निगम
विज्ञापन
शाहजहांपुर। शहर में छह करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही सीएम ग्रिड की ग्रीन रोड निर्माण पूरा होने से पहले ही दरकने लगी है। करीब 400 मीटर लंबी सीसी रोड में जगह-जगह दरारें आने के बाद संबंधित फर्म ने उन पर पैचिंग शुरू करा दी है। करोड़ों की लागत से बन रही सड़क पर निर्माण पूरा होने से पहले ही मरम्मत शुरू होने से इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
विज्ञापन

महापौर अर्चना वर्मा ने बुधवार को शहीद अहमद उल्ला शाह पार्क से तेल टंकी तक बन रही ग्रीन रोड का निरीक्षण किया। सड़क में आई दरारों और उन पर कराई जा रही पैचिंग को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को संबंधित फर्म को नोटिस जारी करने और सड़क की गुणवत्ता की जांच के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। जांच पूरी होने तक फर्म का भुगतान रोकने के लिए भी कहा।
सड़क का निर्माण 18 अक्तूबर 2024 को शुरू हुआ था। करीब 400 मीटर लंबी सड़क पर छह करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इसका निर्माण एक वर्ष में पूरा किया जाना था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी काम अधूरा है। इसी बीच सीसी रोड में दरारें पड़ने लगीं। अब फर्म ने दरारों को भरने के लिए पैचिंग शुरू करा दी है।
विज्ञापन

सड़क की गुणवत्ता की जांच पहले आईआईटी कानपुर की टीम भी कर चुकी है। टीम की रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है। वहीं नगर निगम की ओर से निर्माण फर्म एसएस इन्फ्रा को पहले ही दो नोटिस जारी किए जा चुके हैं। महापौर ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद नई सड़क पर पैचिंग कराना गंभीर मामला है। जांच में गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


एक से डेढ़ इंच गहराई की दरार, केमिकल से भरने का काम शुरू

नगर निगम के मुख्य अभियंता आशीष त्रिवेदी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि ग्रीन रोड की पूरी परत में दरार नहीं आई है। सड़क में करीब एक से डेढ़ इंच गहराई तक की दरार है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में तेज धूप के दौरान निर्माण होने के कारण सड़क में दरार आने की बात सामने आई है। आईआईटी कानपुर की टीम भी सड़क की दरारों की जांच कर चुकी है और उसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है।
दरारें आने के बाद संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद फर्म ने आगरा से विशेषज्ञों की टीम बुलाकर मरम्मत का काम शुरू कराया है। मुख्य अभियंता के अनुसार जहां-जहां दरारें हैं, वहां दरार के अंतिम छोर तक विशेष तकनीक से खोदाई कर केमिकल भरा जा रहा है। इससे दरार को मजबूती से भरे जाने का दावा किया जा रहा है।
यह काम करीब 20 दिन में पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि मरम्मत के बाद विशेषज्ञों की टीम से सड़क की गुणवत्ता की दोबारा जांच कराई जाएगी। गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित हिस्से को उखाड़कर दोबारा निर्माण कराया जाएगा। फर्म के सड़क को पूरी तरह ठीक करने तक उसका भुगतान रोककर रखा जाएगा।

अभी सड़क का निर्माण पूरा भी नहीं हुआ है और उसमें आई दरारों को भरने के लिए पैचिंग कराई जा रही है। इससे सड़क की सुंदरता प्रभावित हो रही है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित फर्म का भुगतान रोकने के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- अर्चना वर्मा, महापौर

सीएम ग्रिड ग्रीन रोड में आई दरारों की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। सड़क की कमेटी से जांच कराई जाएगी। फिलहाल संंबंधित फर्म के भुगतान पर रोक लगा दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


- सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त

सीएम ग्रिड रोड पर हो रहे पैचिंग कार्य का निरीक्षण करतीं महापौर अर्चना वर्मा। स्रोत: नगर निगम

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें