जलालाबाद। गो सेवा आयोग के सदस्य दर्जा राज्य मंत्री रमाकांत उपाध्याय शुक्रवार को यहां पहुंचे। गोशालाओं के निरीक्षण में गायों के बीमार मिलने और खानपान का उचित इंतजाम न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कर्मचारियों को व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
गांव सराय साधौ में नगर पालिका द्वारा संचालित गोशाला के निरीक्षण में उन्होंने पाया कि गायों को बेतरतीब ढंग से रखा गया है। वहां चार-पांच गायें घायल अवस्था में दिखीं, जबकि एक गाय मरी पाई गई। अव्यवस्था से नाराज आयोग के सदस्य ने वहां मौजूद नगर पालिका के कर्मचारी नितिन शर्मा और साहिल से नाराजगी जताई। ईओ एचएन उपाध्याय को फोन कर गोशाला में अविलंब सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिये।
घायल गायों को लेकर उन्होंने डिप्टी सीवीओ डॉ. बीएस विकल से वार्ता कर चिकित्सा की स्थाई व्यवस्था करने को कहा। बाद में गांव रूपापुर जाने पर उन्हें वहां की अस्थाई गोशाला में मौजूद करीब सौ गोवंशीय पशुओं की स्थिति भी दयनीय मिली। वहां पशु सूखा भूसा खा रहे थे और उसमें मिलाया गया चोकर भी काफी घटिया पाया गया। उन्होंने पशु चारे में सुधार लाने के ग्राम विकास अधिकारी राहुल आर्य को कड़े निर्देश दिए। साथ ही ग्राम प्रधान से गोशाला की बाड़ ऊंची कराने पशुओं के लिए हरे चारे का इंतजाम करने की कार्ययोजना बनाकर भेजने को कहा।
बाद में चक चंद्रसेन गांव जाकर उन्होंने पंचायत घर में हुई कृषक गोष्ठी में भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ग्रामीणों से गाय को खूंटे से बांधकर रखने की अपील की। इस मौके पर आरएसएस के जिला प्रचारक अनुज, विभाग कार्यवाह अनिल सिंह, प्रधान विपिन पांडेय, गोपाल मोहन द्विवेदी, भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। अंत में उन्होंने भगवान परशुराम की जन्मस्थली जाकर पूजन किया।