बुधवार दोपहर कमल सेना की वर्दी में रामलीला मैदान के सामने स्थित मुख्य गेट पहुंच गया। वह सेना की वर्दी पहने था। उसने गेट पर तैनात फौजियों को बताया कि उसकी सेना में नौकरी लगी है। रजिस्टर लाओ, वह ज्वाइनिंग के लिए हस्ताक्षर करने आया है। सेना के जवानों ने अधूरी वर्दी में देखकर उसे तुरंत कब्जे में ले लिया। अपने अधिकारियों को सूचना दी। उसके बाद कमल से लंबी पूछताछ की गई। उसे सदर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने अपने स्तर से पड़ताल कराई। पुलिस के मुताबिक, कमल के चचेरे भाई ने 80 हजार रुपये लेकर सेना में नौकरी दिलाने का वादा किया था। रुपये लेने के बाद उसे बाजार से फौजियों जैसी वर्दी लाकर दे दी, साथ ही ज्वाइनिंग के लिए उसे कैंट क्षेत्र भेज दिया। आधी-अधूरी वर्दी को देखकर सेना के जवानों ने उसे दबोच लिया। सदर इंस्पेक्टर अमित पांडेय ने कमल के परिजनों को थाने पर बुलाया, साथ ही कमल के चचेरे भाई को भी बुलाकर पूछताछ की है।
एक युवक कैंट में सेना की वर्दी पहनकर पहुंच गया था। आर्मी ने उसे पुलिस के हवाले किया है। अभी उसके खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई है। - अखंड प्रताप सिंह, सीओ सिटी