शाहजहांपुर। आसाराम प्रकरण में गवाह कृपाल सिंह हत्याकांड के आरोपी पुष्पेंद्र उर्फ नारायण पांडेय की बृहस्पतिवार को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट एडीजे तृतीय किरनपाल सिंह की अदालत में पेशी हुई। जहां मुकदमा संबंधी पत्रावली पर हस्ताक्षर के बाद उसे वापस कर दिया गया। मुकदमे में अगली तारीख 17 फरवरी तय की गई है।
शहर के मोहल्ला गदियाना निवासी कृपाल सिंह शहर की बिटिया के साथ हुए दुष्कर्म मामले में आसाराम के खिलाफ गवाह थे। उन्हें आसाराम के गुर्गों ने कई बार धमकाया था कि वह गवाही न दे, लेकिन वह नहीं माने थे। इसके बाद कृपाल सिंह को 10 जुलाई 2015 की रात सदर कोतवाली के कैंट क्षेत्र में गोली मार दी गई थी। अगले दिन कृपाल की बरेली में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। सदर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में कानपुर निवासी पुष्पेंद्र उर्फ नारायण पांडेय को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया था। पुष्पेंद्र 11 दिसंबर को जेल से जमानत पर रिहा हो चुका है। बृहस्पतिवार को मुकदमे में गवाही के लिए तारीख निश्चित थी। उसे व्हीलचेयर पर एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट लाया गया। जहां मुकदमा संबंधी पत्रावली पर हस्ताक्षर के बाद मुकदमे में अगली तारीख 17 फरवरी नियत की गई।