जलालाबाद में मारपीट के बाद रोते हुए थाने पहुंची महिला। संवाद
- फोटो : घटना के बाद तुर्कीपुर गांव में इकट्ठा लोग।
जलालाबाद। जमीनी विवाद में पैरवी को लेकर मंगलवार को तहसील में एक वकील के बिस्तर पर पहुंचे बघापुर गांव के दंपती से विरोधी पक्ष के लोगों ने मारपीट की। इस दौरान डंडे के प्रहार से महिला का सिर फट गया। सीओ ऑफिस के पीछे हुई घटना की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने घायल महिला का मेडिकल कराया है।
बघापुर के मुनेंद्र के परिवार के लोगों से जमीन विवाद का एसडीएम कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। मंगलवार को वह पत्नी ममता और भाभी मिथिलेश के साथ तहसील पहुंचे। मिथिलेश के अनुसार अल्हागंज क्षेत्र का रहने वाला उनका फुफेरा देवर एक वकील के यहां मुंशी है। विरोधी पक्ष उसी वकील के बिस्तर पर बैठा था।
वह लोग उधर से निकले, तभी विरोधी पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। मिथिलेश का आरोप है कि मारपीट के दौरान वकील के मुंशी ने देवरानी ममता के सिर पर डंडा मार दिया। महिला के लहूलुहान होकर गिर जाने पर आरोपी भाग गए। पुलिस ने घटना को लेकर लोगों से पूछताछ की। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं दी गई है। संवाद