तिलहर। विवाह समारोह से घर लौट रहे सभासद पर शुक्रवार की रात कुछ लोगों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोप है कि तमंचे से फायरिंग भी की गई, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। सभासद को अस्पताल में भर्ती कराया। अन्य सभासदों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला बहादुरगंज निवासी सभासद अमित लोधी के मुताबिक शुक्रवार की रात लगभग 11:30 बजे वह मोहल्ला बनवारीपुर स्थित रॉयल पैलेस में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। आरोप है कि वहां से निकलते ही उम्मरपुर मोहल्ला निवासी शहजाद और उसके अज्ञात छह साथियों ने उस पर लोहे की राॅड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले से उसका बायां हाथ कई जगह से टूट गया। वह उनसे बचने के लिए भागे तब शहजाद ने उसके ऊपर तमंचे से फायर कर दिया। आवाज सुनकर लोग आ गए तो आरोपी भाग गए।
इधर, सभासद पर हुए हमले के विरोध में सभासद संदीप रस्तोगी, परविंदर यादव, राजेश कुमार, सुखविंदर सिंह आदि ने थाने पहुंचकर घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।