शाहजहांपुर। जिले में कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को कोरोना से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 305 नए मरीज संक्रमित मिले।
लखीमपुर निवासी 20 वर्षीय युवक को 19 अप्रैल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उन्हें एल टू अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। जहां बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई। इसी तरह शहर के सदर बाजार निवासी 45 साल के व्यक्ति को 18 अप्रैल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। उन्हें भी एल टू अस्पताल में शिफ्ट किया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रोजा क्षेत्र निवासी 55 साल के बुजुर्ग को 17 अप्रैल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें एल टू आईसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सीएमएस डॉ. एयूपी सिंहा ने बताया कि तीन कोरोना संक्रमित मरीजों की इलाज के दौरान मौत हुई है। वहीं, एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के अनुसार बृहस्पतिवार को कोरोना संक्रमित के 305 नए मामले सामने आए हैं। एक्टिव केस 2276, अब जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 9912 हो चुकी है। जबकि, अब तक कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 146 तक पहुंच चुकी है।