शाहजहांपुर। तमाम अपील के बावजूद तमाम लोग मास्क पहनने को तैयार नहीं हैं। बुधवार को पुलिस के अधिकारी कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन कराने के लिए सड़क पर उतरे। एसपी एस आनंद ने शहर के मुख्य बाजार में भ्रमण कर बगैर मास्क लगाए घूम रहे लोगों को जमकर फटकार लगाई। कई लोगों के वाहनों का चालान भी किया गया।
एसपी एस आनंद ने कोविड-19 गाइड लाइन को न मानने वालों पर सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार दोपहर एसपी एस आनंद व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ सदर और बहादुरगंज क्षेत्र में पैदल घूमे। इस दौरान एसपी ने राह चलते लोगों से मास्क पहनकर दो गज की दूरी बनाने की अपील की। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि दुकानों के बाहर दो गज की दूरी बनाकर गोले बनाये जाएं ताकि ग्राहकों के बीच दूरी बनी रहे। साथ ही सेनेटाइजर का उपयोग करें। इस दौरान बगैर मास्क वाहन चलने वालों का चालान भी किया गया। कुछ दुकानों में ग्राहकों की भीड़ होने पर और मास्क का प्रयोग न करने पर एसपी ने जमकर फटकार लगाई। एसपी एस आनंद ने कहा कि कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन कर कोरोना संक्रमण से बचा जा सकता है। सभी लोग नियमों को मानें वरना सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी संजय कुमार ने जनता से अपील की है कि अपने परिवार और बच्चों से कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करायें । मास्क पहनकर निकलें, सेनेटाइजर से बार-बार हाथों धोयें और दो गज की दूरी बनाकर रखें।
डीएम इंद्र विक्रम सिंह और एसपी एस आनन्द ने सभी थाना प्रभारियों को बिना मास्क लगाये रोड पर निकलने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आदेश मिलने के बाद बुधवार को ही सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। बगैर मास्क लगाए चलने वाले लोगों के चालान किये गए। पुलिस प्रशासन की तरफ से कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करने के लिए बाजार में लाउडस्पीकर और अन्य माध्यम से लोगों को गाइडलाइन का पालन करने की अपील की जा रही है।
पुलिस ने नौ से 13 अप्रैल तक 1,385 लोगों के चालान किये। 4,54,200 रुपये जुर्माना वसूला गया। एसपी एस आनंद ने बताया कि बगैर मास्क घर से न निकलें वरना कार्रवाई के लिए तैयार रहें।