शाहजहांपुर। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 11 से 14 अप्रैल तक टीका उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उत्सव के दूसरे दिन सोमवार को सुबह नौ बजे से 136 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई।
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालनगर में टीका उत्सव का आयोजन हुआ। इसमें कुल 120 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया था। स्वास्थ्य कार्यकर्ता नीलू गुप्ता ने बताया कि शाम पांच बजे तक करीब 100 लोगों का टीकाकरण किया गया। इसी तरह से जिले के अन्य केंद्रों पर भी सत्र आयोजित हुए और 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी गई। योग शिक्षिका कानन सिंघल ने सोमवार को कोरोना वैक्सीन का टीका लगवाने के बाद अन्य लोगों से भी टीकाकरण कराने की अपील की है।
वहीं, सीएमओ डॉ. एसपी गौतम ने बताया कि पहली डोज लगवाने वालों को छह से आठ सप्ताह बीच दूसरी डोज लगाई जाएगी। जिसके लिए संबंधित के मोबाइल पर मैसेज पहुंचेगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. लक्ष्मण सिंह ने बताया कि टीकाकरण कराने के लिए 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोग अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर मोबाइल नंबर और पहचान पत्र के रूप राशन कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड इत्यादि में से कोई भी एक लेकर जरूर जाएं।